बी बी एस दिल्ली द्वारा वरिष्ठ गीतकार श्री ओंकार त्रिपाठी जी सम्मानित

सामाजिक संस्था बी बी एस दिल्ली ने वरिष्ठ गीतकार श्री ओंकार त्रिपाठी को उनके निवास स्थान पर जाकर अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया। इस मौके पर बी बी एस दिल्ली के संस्थापक प्रदीप शर्मा, सहसंस्थापक इंद्रजीत शर्मा, अध्यक्ष जयशंकर शर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष रविंदर राय, कार्यकारी अध्यक्ष अमित राय और संस्था के महासचिव सानू राय उपस्थित रहे।
बी बी एस का मुख्यालय दिल्ली में है और देश के कोने कोने से लोग इस संस्था से जुड़े हैं। यह संगठन सामाजिक हित के अनेक कार्यों को नियमित रूप से करता रहता है। कोरोना काल में संस्था और उसके पदाधिकारियों ने जरूरत मंद लोगों को उनके घर घर जाकर राशन पहुंचाया। कोरोना महामारी के दौरान काल के गाल में समा गए लोगों और कोरोना के दौरान नौकरी गवाने वाले लोगों का आर्थिक सहयोग भी किया। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बीमारी की स्थिति में आर्थिक सहायता, उनकी बहन बेटियों के वैवाहिक कार्य में कन्यादान के रूप में आर्थिक सहायता और गरीब बच्चों को स्कूलिंग के लिए प्रोत्साहित करने और पुस्तकें वितरित करने का कार्य भी संस्था करती है।
वर्ष 2021 में संस्था ने राष्ट्र धर्म का निर्वहन करते हुए एक सफल रक्त दान शिविर का आयोजन किया था जिसमें संस्था के सभी सदस्यों और उनके परिवार ने बढ़ चढ़कर अपना रक्तदान किया।
संस्था के संस्थापक प्रदीप शर्मा ने संस्था की स्थापना और उद्देश्य पर चर्चा के दौरान ओंकार त्रिपाठी को बताया कि यह संस्था एक स्वयंसेवी संगठन की तरह न केवल सामाजिक महत्व के कार्यों का निष्पादन करती है बल्कि राष्ट्र व समाज हित में समर्पित लोगों को सम्मानित करके उनके द्वारा किए हुए कार्यों को एक पहचान भी देती है। इस संस्था का उद्देश्य मानव और मानवता की सेवा करनी है।
वरिष्ठ गीतकार ओंकार त्रिपाठी ने भी रत्नगर्भा मां भारती को समर्पित ग्रंथ 'भारत के भारत-रत्न' की प्रति बी बी एस दिल्ली के पदाधिकारियों को भेंट किया। 'भारत के भारत-रत्न' देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से विभूषित देश के 48 महापुरुषों पर संकलित काव्य ग्रंथ है, जिसका संकलन ओंकार त्रिपाठी ने किया है।
बी बी एस संस्था ने अपने संगठन को और मजबूती देने के लिए ओंकार त्रिपाठी के समक्ष बी बी एस का संरक्षक पद स्वीकार करने का प्रस्ताव कुछ दिन पहले रखा था और कल उनकी सहमति मिलने के बाद उनको बी बी एस का संरक्षक बनाया गया है।
